सोफिया कॉलेज, अजमेर के तत्वावधान में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की 39वीं अंतरमहाविद्यालयी महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 सितंबर 2026 तक किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 12 तथा महिला वर्ग की 8 टीमों ने विभिन्न महाविद्यालयों की ओर से उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि शाकिब आलम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कैंटोनमेंट बोर्ड अजमेर एवं नसीराबाद रहे।
समापन समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए शाकिब आलम ने कहा कि खेल में भागीदारी स्वयं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे निरंतर मेहनत करते रहें और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहें, तो वे अपनी क्षमता के अनुरूप उस स्तर तक अवश्य पहुंच सकते हैं, जिसे वे हासिल करना चाहते हैं। आलम ने इस अवसर पर अपने व्यक्तिगत अनुभव तथा आईएएस अधिकारी बनने की अपनी यात्रा भी विद्यार्थियों के साथ साझा की और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में सोफिया कॉलेज, अजमेर ने एसएमएम कॉलेज, भीलवाड़ा को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ सोफिया कॉलेज ने लगातार आठवीं बार अंतरमहाविद्यालयी महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब जीतकर अपनी निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सोफिया कॉलेज ने एमडीएसयू, अजमेर को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में एसएमएम कॉलेज, भीलवाड़ा ने एसपीसीजीसी, अजमेर को 2-0 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में एसपीसीजीसी, अजमेर ने आरआईई, अजमेर को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में एसपीसीजीसी, अजमेर ने एसडी गवर्नमेंट कॉलेज, ब्यावर को 2-0 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में आरआईई, अजमेर ने एसबीआरएम, नागौर को 2-1 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया था।
समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता की अध्यक्ष प्रो. सिस्टर पर्ल ने वेस्ट जोन प्रतियोगिता के लिए चयनित महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों की सूची घोषित की। चयनित खिलाड़ी अब वेस्ट जोन स्तर पर महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव डॉ. शाहिना शेरानी ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक डॉ. कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
समापन समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल एव ट्रॉफी प्रदान की गई ।

No comments:
Post a Comment