अजमेर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी एवं जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि अजमेर नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी अनामिका शर्मा ने 43 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की और अजमेर नगर निगम की महापौर निर्वाचित हुईं। अनामिका शर्मा को 43 निर्वाचित पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को 37 मत प्राप्त हुए।
अनामिका शर्मा के महापौर निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। भाजपा पदाधिकारीयो और कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर पटाखे जलाए और आमजन का मुंह मीठा कराया ।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकासपरक नीतियों तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता के बीच विकास, सुशासन और जनसेवा के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
“अब अजमेर के विकास की गाड़ी चारों पहियों पर चलेगी” — वासुदेव देवनानी
अजमेर उत्तर विधायक एवं राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अनामिका शर्मा के महापौर निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि “अब अजमेर के विकास की गाड़ी अपने चारों पहियों पर चलेगी।”
उन्होंने कहा कि इस विकास की गाड़ी का एक पहिया केंद्र सरकार, दूसरा राजस्थान सरकार, तीसरा स्थानीय विधायक और चौथा पहिया नगर निगम होगा। इन चारों के आपसी समन्वय और सहयोग से अजमेर के विकास को नई गति और नई दिशा मिलेगी।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विकासपरक योजनाओं, राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों, विधायक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों तथा अब नगर निगम में भाजपा के नेतृत्व के साथ अजमेर के विकास के लिए बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता ने भाजपा को जो विश्वास और जिम्मेदारी दी है, उसे विकास, सुशासन और जनसेवा के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम — रमेश सोनी
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने अनामिका शर्मा को महापौर निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए सभी नवनिर्वाचित पार्षदों,पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सफलता भाजपा संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महापौर के नेतृत्व में अजमेर नगर निगम में जनहित एवं विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
रमेश सोनी ने कहा कि अजमेर नगर निगम के साथ-साथ किशनगढ़ नगर परिषद में भी भाजपा ने सभापति पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने राजकुमार बड़जात्या को किशनगढ़ नगर परिषद का सभापति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अजमेर शहर और किशनगढ़ दोनों स्थानों पर भाजपा के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सामने अब जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने तथा विकास कार्यों को गति देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मीडिया प्रतिनिधियों का आभार — विक्रम सिंह
भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने प्रेस वार्ता के पश्चात अजमेर नगर निगम चुनाव से जुड़ी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी पत्रकार बंधुओं, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया तथा सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं गतिविधियां आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचीं।
विकास, जनसेवा और बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता
भाजपा नेताओं ने कहा कि महापौर पद की नई जिम्मेदारी के साथ अनामिका शर्मा के नेतृत्व में अजमेर नगर निगम में विकास, जनसेवा, स्वच्छता, पारदर्शिता एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अजमेर के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार, राजस्थान सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
अनामिका शर्मा के महापौर निर्वाचित होने पर भाजपा के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा अजमेर के सर्वांगीण विकास, जनसेवा और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि कल डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा बहुमत के साथ विजयश्री प्राप्त करेगी
इस खबर को AYN Team ने संपादित नहीं किया है, यह खबर भाजपा जिला मीडिया संयोजक अजमेर शहर के प्रेस रिलीज़ के अनुसार प्रकाशित की गई है।

No comments:
Post a Comment