राजस्थान अजमेर जिले के वंडर वर्ल्ड प्ले स्कूल, अजमेर के प्ले ग्रुप के प्रतिभाशाली छात्र प्रांश दगदी का राष्ट्रीय स्तर की रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। प्रांश 15 और 16 अगस्त को हरियाणा के पंचकुला में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
देशभर से चयनित प्रतिभाशाली स्केटिंग खिलाड़ी भाग लेंगे
रोलर हॉक्स संस्था के तत्वावधान में प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय रोलिंग टाइगर्स स्केटिंग अकादमी, प्लॉट संख्या-1, सूचना प्रौद्योगिकी पार्क, सेक्टर-22, नाडा साहिब गुरुद्वारा, पंचकुला में बैकेट ट्रैक पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर से चयनित प्रतिभाशाली स्केटिंग खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रांश दगदी पिछले कई महीनों से नियमित रूप से स्केटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता की तैयारी की है।
विद्यालय के लिए गौरव का विषय
विद्यालय की प्रधानाचार्या आरती सिंह ने बताया कि प्रांश ने कम उम्र में ही स्केटिंग के प्रति अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय दिया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन होना विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार को प्रांश से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है। वर्तमान में प्रांश राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे हुए हैं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। प्रांश के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार एवं खेल प्रेमियों ने प्रांश को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और शानदार प्रदर्शन की कामना की।

No comments:
Post a Comment