(अजमेर) लम्पी रोग आर्थिक सहायता वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमच में आयोजित किया जाएगा। जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य एवं कृषि एवं पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय लम्पी रोग आर्थिक सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित होेगा।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य तथा कृषि एवं पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया की अध्यक्षता में शुक्रवार 16 जून को जीईसीसी सीतापुरा जयपुर में राज्यस्तरीय लम्पी रोग आर्थिक सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया जाएगा। अजमेर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमच में आयोजित होगा। इसमें उपस्थित पशुपालकों के साथ मुख्यमंत्री द्वारा वीसी के माध्यम से संवाद भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लम्पी रोग से मृत गोवंश के पशुपालकों को 40 हजार रूपये वितरित करेंगे। यह राशि आनलाईन रूप से पशुपालक के बैंक खातों में सीधे जमा होगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अजमेर जिले के एक हजार 50 पशुपालक जयपुर में भाग लेने जा रहे हैं। साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम में जवाहर रंगमंच में 550 पशुपालकों का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नवगठित जिले केकड़ी और ब्यावर में भी जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गहलोत लम्पी रोग से पीड़ित 42 हजार पात्र पशुपालकों को 40 हजार रूपये आनलाईन रूप से पशुपालक के बैंक खातों में सीधे जमा करेंगे। इन पशुपालकों के गौवंश की लम्पी बिमारी से मृत्यु हो गई थी। राज्य के पशुपालक लाभार्थियों के खाते में कुल एक करोड़ 76 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अजमेर जिले के 2846 पशुपालकों को आर्थिक सहायता दी जानी है। इनमें से 2208 के डाटा सत्यापित हो गए हैं। इन पशुपालकों की आर्थिक सहायता उनके खाते में जमा हो जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक एवं समुचित व्यवस्था विभाग द्वारा की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की 7 समितियों का गठन किया गया है।
इस खबर को AYN Team ने संपादित नहीं किया है, यह खबर राजस्थान सरकार के सुचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रेस रिलीज़ के अनुसार प्रकाशित की गई है।
No comments:
Post a Comment