सोफिया कॉलेज अजमेर में 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित 39वीं अंतरमहाविद्यालयी ताइक्वांडो एवं खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में एमडीएस विश्वविद्यालय से संबद्ध 40 महाविद्यालयों के करीब 480 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग में खो-खो तथा ताइक्वांडो के मुकाबले आयोजित किए गए। खो-खो के पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में दयानंद कॉलेज, अजमेर ने विजेता बनकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। महिला वर्ग में फिजिकल कॉलेज, भीलवाड़ा उपविजेता रहा, जबकि पुरुष वर्ग में एसपीएसबी कॉलेज, शाहपुरा ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में क्योरुगी एवं पूमसे वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के चेयरमैन नामिनी डॉ. संजय तोमर एवं डॉ. संगीता पांचाल रहे। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक डॉ. कुलदीप सिंह एवं डॉ. विष्णु परमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान कीं।
समापन समारोह में प्रतियोगिता की अध्यक्ष एवं सोफिया कॉलेज, अजमेर की प्राचार्या सिस्टर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वेस्ट जोन एवं अखिल भारतीय स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले चयनित खिलाड़ियों की सूची भी घोषित की गई।
प्रतियोगिता की आयोजन सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शाहिना शेरानी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य श्री निशांत पाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बॉक्सिंग अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिता का आयोजन श्री प्राज्ञा कॉलेज, विजयनगर में किया गया। इसमें सोफिया कॉलेज, अजमेर ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल करते हुए विभिन्न भार वर्गों में 4 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment