Thursday, January 16, 2025

अजमेर : जिला कलक्टर लोक बन्धु ने की नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा, स्वच्छता सर्वेक्षण के सम्बन्ध में दिए निर्देश

(अजमेर) नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा के साथ ही जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के सम्बन्ध में बुधवार को निर्देश प्रदान किए गए।



जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड की साप्ताहिक समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्टर सभागार में आयोजित हुई। इसमें अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम देशल दान एवं सम्बन्धित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इसके पश्चात शहर में विभिन्न कार्यों का अवलोकन भी किया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के सम्बन्ध में समस्त तैयारियां पूर्ण होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड के लिए प्रभारी नियुक्त किए जाए। घर-घर कचरा संग्रहण एवं ठोस कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कचरा स्थानान्तरण स्टेशन का कार्य स्वचालित तरीके से होना चाहिए। इसके लिए प्रस्ताव बनाए जाएं। यह कार्य मैनुअल तरीके से नहीं होना चाहिए। बाण्डी नदी के पास बने कचरा डिपो का निरीक्षण किया गया। इस कचरा डिपो को खुला रखने से कई प्रकार की समस्याएं सामने आ सकती है। इनसे बचने के लिए इसे ढ़का जाना आवश्यक है। शहर के सौन्दर्यीकरण के लिए भी नगर निगम को अजमेर विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।

 उन्होंने कहा कि अजमेर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्माण कराकर विभिन्न विभागों को सुपुर्द किए गए कार्यो के बारे में उस विभाग से संबंधित अधिकारीयों को उनके संचालन व डीएलपी  के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी जानी चाहिए। इससे इनका संचालन एवं प्रबन्धन आसान होगा। इस प्रकार की अवसंरचनाएं आमजन के लिए अधिक उपयोगी सिद्ध होगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सुपुर्द की गई स्मार्ट सिटी की विभिन्न सड़कों को डीएलपी के तहत संधारण करने के निर्देश दिए गए। अजमेर शहर में इस विभाग से संबंधित अन्य सड़कों के बारे में भी चर्चा की गई। इन सड़को पर विभिन्न जगहों पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने के दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने जेएलएन चिकित्सालय परिसर में नव निर्माणित एवं निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं के बारे में विस्तृत में चर्चा की। मेडिसिन ब्लॉक कोे हस्तांतरण के लिए स्मार्ट सिटी व चिकित्सालय के अधिकारियों को समन्वय स्थापित करते हुए सम्पादन करवाने के निर्देश दिए गए। इस भवन के संचालन के लिए आवश्यक अग्निशमन अदेय प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) के लिए आवश्यक शुल्क चिकित्सालय के आरएमआरएस मद से करवाने के लिए निर्देश दिए गए। इसी परिसर में निर्माणाधीन आईसोलेशन ब्लॉक के कार्य में तेजी लाने व आगामी निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए।

कलक्टर लोक बन्धु ने सभी सुपुर्द किये गए कार्यों को उनके संबंधित विभाग द्वारा सुनियोजित संचालन, रेवेन्यू जनरेशन व आमजन के लिए सार्थक उपयोग को सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होने अजमेर स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को शेष पूर्ण किए गए कार्यों से संबंधित त्रिपक्षीय अनुबंध व कार्य संबंधी सम्पूर्ण पत्रावली के साथ शीघ्र संबंधित विभाग को सुपुर्द करने के दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम देशल दान व अन्य अधिकारियों के साथ माखुपुरा टेचिंग ग्राउण्ड पर प्रगतिरत 300 टीपीडी प्लांट के कार्य का निरीक्षण किया गया। स्मार्ट सिटी की अतिरिक्त मुख्य अभियंता नरेन्द्र अजमेरा ने कार्य की प्रगति से अवगत कराया। संवेदक को श्रम शक्ति व मशीनरी को बढाते हुए कार्य में तेजी लाते हुए नियत समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस खबर को AYN Team ने संपादित नहीं किया है, यह खबर राजस्थान सरकार के सुचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रेस रिलीज़ के अनुसार प्रकाशित की गई है।


No comments:

Post a Comment