Friday, June 30, 2023

लाभार्थी उत्सव : 3 जुलाई को जवाहर रंगमंच में होगा मुख्य आयोजन, अजमेर जिले में जुड़ेंगे 850 से अधिक लाभार्थी

 



(अजमेर) सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों का लाभार्थी उत्सव 3 जुलाई को मनाया जाएगा। जिले में 850 से अधिक  लाभार्थी इससे जुडे़ंगे।

      जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों का उत्सव जिले में 3 स्थानों पर आयोजित होगा। इसके लिए सोमवार 3 जुलाई का दिन निर्धारित किया गया है। मुख्य आयोजन जवाहर रंगमंच अजमेर में होगा। इसके अतिरिक्त अम्बेडकर भवन ब्यावर तथा पंचायत समिति सभागार केकड़ी में भी लाभार्थी उत्सव आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि सोमवार 3 जुलाई को जयपुर के झालाना संस्थानिक क्षेत्र में स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में राज्य स्तरीय लाभार्थी उत्सव आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत समारोह में सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं की राशि पेंशनधारियों के खातों में स्थानांतरित करेंगे। इस समारोह का सीधा प्रसारण जिले के तीनाें स्थानों पर किया जाएगा। मौके पर उपस्थित लाभार्थियों के साथ मुख्यमंत्री द्वारा संवाद किया जाना प्रस्तावित है।

 उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन, मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन तथा मुख्यमंत्री लघु एवं सीमांत वृद्धजन कृषक सम्मान पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को सशक्त किया जा रहा है। अजमेर जिले में वर्तमान में 3 लाख 35 हजार 191 लाभार्थी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशनों का लाभ ले रहे है। इनमें से 2 लाख 33 हजार 360 व्यक्ति महंगाई राहत कैम्पों में पंजीकरण के लिए पातर्् है।  पात्र लाभार्थियों में से एक लाख 83 हजार 70 व्यक्तियों का पंजीकरण किया जा चुका है।

      सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक प्रफुल्ल चंद्र  चौबीसा ने बताया कि जवाहर रंगमंच के लिए जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी राम अवतार जाट तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी विशाल सिंह सोलंकी, ब्यावर के लिए जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक गुजराती तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी विनीत चौधरी एवं केकड़ी के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. अभिषेक गुप्ता तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रुचि खेड़िया द्वारा समन्वय का कार्य किया जाएगा।

इस खबर को AYN Team ने संपादित नहीं किया है, यह खबर राजस्थान सरकार के सुचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रेस रिलीज़ के अनुसार प्रकाशित की गई है।



 

No comments:

Post a Comment